राधा-कृष्ण मंदिर से मुकुट, कंगन चोरी

Robbery at radha krishan temple in Dadasiba
ऐतिहासिक राधा-कृष्ण मंदिर डाडासीबा से दिनदहाड़े मूर्तियों के मुकुट और कंगन शातिरों ने चुरा लिए। दोपहर के समय हुई इस घटना से लोग अचंभित हैं। चोरी हुए चांदी के मुकुटों की कीमत 50 हजार से अधिक बताई जा रही है।

मंदिर के रखरखाव का जिम्मा भाषा एवं संस्कृति विभाग के अधीन है। सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे पंचायत चौकीदार रछपाल सिंह मेहरा मंदिर में माथा टेकने आए।

मंदिर कक्ष में पहुंचने पर देखा कि राधा-कृष्ण की मूर्तियों पर लगे चांदी के मुकुट गायब हैं। बताया जा रहा है उस समय मंदिर में कोई मौजूद नहीं था। मंदिर का पुजारी किसी कार्य से बाहर गया था।

चौकीदार ने पुजारी परमेश्वरी दास को घटना की जानकारी दी। पुजारी ने मंदिर आकर देखा तो मूर्तियों के मुकुटों के साथ हाथोें के कंगन भी गायब थे।

इस पर तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पुजारी और चौकीदार के बयान दर्ज किए। डीएसपी देहरा बीडी भाटिया ने बताया कि पुलिस ने सूचना मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

Related posts