खुशखबरी! 2500 देकर लग्जरी बस में करें लेह की सैर

कुल्लू

10 सितंबर तक ही मिलेगी सुविधा

10 सितंबर तक ही मिलेगी सुविधा

हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) ने मंगलवार से मनाली से लेह के लिए लग्जरी बस सेवा शुरू कर दी है। पहले दिन पर्यटन निगम की डीलक्स बस 26 यात्रियों के साथ लेह रवाना हुई।

2500 रुपये प्रति सवारी किराये में रात्रि ठहराव (केलांग में) समेत डिनर तथा ब्रेकफास्ट भी करवाया जाएगा। निगम इस सेवा को 10 सितंबर तक जारी रखेगा। पर्यटन निगम के सहायक प्रबंधक रूपलाल ठाकुर ने बताया कि 35 सीटर डीलक्स बस सेवा एक जुलाई से लेह के लिए रवाना हुई है।

लेह से मनाली बस चार जुलाई को लौटेगी। पांच जुलाई को चलने वाली बस की एडवांस बुकिंग हो गई है।

इन वादियों का होगा दीदार

इन वादियों का होगा दीदार

करीब पौने पांच सौ किमी लंबे इस रूट में सैलानी बारालाचा, तांगलंगला तथा खरदुंगला दर्रों सहित यहां की शानदार वादियों व ग्लेशियरों का दीदार कर सकेंगे। इस सुविधा को लेकर सैलानी काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं।

पर्यटन निगम का कहना है कि शुरुआती चरण में ही काफी सैलानी संपर्क कर रहे हैं। सितंबर के बाद ठंड और बर्फबारी के चलते इन इलाकों में सैलानियों की आवाजाही कम होने लगती है।

इसीलिए इस सेवा को दस सितंबर तक चलाया जा रहा है। मगर यदि डिमांड सही रहती है तो इस अवधि को बढ़ाया भी जा सकता है।

यहां जुलाई अंत तक होंगे बर्फ के दीदार

यहां जुलाई अंत तक होंगे बर्फ के दीदार

वहीं, गर्मी के मौसम के बाद भले ही अब मानसून दस्तक ने दस्तक दे दी है, लेकिन 13050 फीट ऊंचाई पर रोहतांग दर्रे पर अभी भी पांच फीट बर्फ जमी है। यहां के स्नो प्वाइंट बर्फ से लकदक हैं। पर्यटक भी रोजाना हजारों की संख्या में पहुंच रहे हैं।

मौसम विशेषज्ञों और मनाली टैक्सी ऑपरेटरों का मानना है कि इस बार रोहतांग दर्रे पर जुलाई माह के अंत तक बर्फ रहेगी। मैदानों में झुलसती गर्मी के चलते सैलानी यहां जुलाई माह में भी बर्फ के बीच अठखेलियां करने पहुंच रहे हैं।

कुल्लू-मनाली में भी पर्यटक बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। होटलों में 80 से 90 प्रतिशत तक आक्युपेंसी चल रही है। हिलटॉप होटल के संचालक सुशील कुमार, राजीव कुमार, कमलेश, गोगी और हरनाम सिंह ने बताया कि रोहतांग में सैलानियों को जुलाई माह में बर्फ देखने को मिल रही है।

Related posts