
ऊना। क्षेत्र के गांव घलगोट में जमीन के विवाद को लेकर दो सगे भाइयों में विवाद हो गया। घटना में दोनों लहूलुहान हो गए। उन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेजा गया है। दोनों भाइयों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक मदन लाल घलगोट ने शिकायत दर्ज करवाई है कि सोमवार शाम वह अपने खेतों में काम कर रहा था। इसी दौरान उसके भाई कमल कुमार ने जमीन के विवाद के कारण उससे झगड़ा करना शुरू कर दिया। जब उसने कमल का विरोध किया तो उसने कुल्हाड़ी से उसकी बाईं टांग पर वार कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया है। उधर, कमल कुमार ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उसके भाई मदन लाल ने जमीन विवाद के कारण उससे मारपीट की है। इस दौरान उसने कस्सी से उस पर वार कर उसे बुरी तरह जख्मी कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रास केस दर्ज कर लिया है। घायलों को मेडिकल के निए क्षेत्रीय अस्पताल भेजा गया है।
