
पालमपुर (कांगड़ा)। उपमंडल के भवारना और आसपास के इलाकों में बार-बार बिजली कट से सैकड़ों उपभोक्ताओं की दिक्कतें बढ़ गई हैं। कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। रोजाना तीन से चार बार कट लग रहे हैं। विद्युत कट का कारण भवारना, मांरडा, दैहण में लगा एकमात्र फीडर बताया जा रहा है। इससे परेशान जनता कई बार बिजली बोर्ड को इस समस्या के बारे में बता चुकी है, मगर अभी तक समस्या का कोई हल नहीं निकला है।
बिजली बोर्ड के भवारना व मारंडा कार्यालय के अधीन आने वाले गांवों को एक फीडर क्षमता वाले ट्रांसफार्मर से बिजली सप्लाई दी जा रही है। दोनों इलाकों में इस फीडर के तहत 15-15 ट्रांसफार्मर लगे हैं। जब एक इलाके का शटडाउन किया जाता है तो दूसरे इलाके में भी शटडाउन हो जाता है। भवारना पंचायत के प्रधान ने कहा कि बिजली की समस्या को लेकर भवारना के एसडीओ और जेई को अवगत करवाया गया है, मगर कोई हल नहीं निकला है। भवारना के एसडीओ वीरेंद्र सिंह का कहना है कि मारंडा कार्यालय से शटडाउन लेने पर भवारना की बिजली बाधित हो रही है। मारंडा के एसडीओ ओमप्रकाश का कहना है कि पिछले दिनों सलोह लाइन में दिक्कत के चलते कुछ परेशानी आई थी, लेकिन अब उसे सुलझा लिया गया है। भवारना क्षेत्र में जो दिक्तत आ रही है, उसका मारंडा से कोई लेनादेना नहीं है। दैहण सब स्टेशन के जेई कुलदीप शर्मा ने कहा कि बिजली जाने पर दैहण से बिजली कट लगने की बात कही जाती है, जबकि यहां कट तभी लगता है, जब बस्सी से कट लगाया जाता है।
