क्या और हादसे का इंतजार कर रहा बोर्ड?

आनी (कुल्लू)। आनी उपमंडल में बिजली की समस्या से आम लोगों को राहत नहीं मिल रही है। यहां वहां लटकी तारों की समस्या से जूझ रहे आनी के कई ग्रामीण क्षेत्रों की जनता के लिए अभी भी राहत नहीं मिल पाई है। कई स्थानों पर जहां बिजली की तारें सेब के बगीचों को छूकर जा रही है, तो कई स्थानों पर पुराने गले सड़े पोल गिरने की कगार पर हैं। इतना ही नही कहीं खंभे भी नहीं हैं। जहां बिजली बोर्ड ने हरे पेडों पर ही तारें टांग दी हैं। ऐसे में कभी भी कोई हादसा हो सकता है। हालांकि कुछ माह पहले भी तारों की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इसके बाद जिला प्रशासन ने बिजली बोर्ड को तारों की स्थिति के बारे में तीन माह में रिपोर्ट तैयार कर उपायुक्त के पास जमा करवाने को कहा था, लेकि न यहां ऐसा कुछ नहीं हो पाया है। शायद बिजली बोर्ड किसी दूसरी मौत का इंतजार कर रहा है, ताकि रिपोर्ट तैयार की जा सके।
आनी खंड की कोहिला पंचायत के धार, कुटवा क्षेत्र और बखनाओं पंचायत के गाडाडीम क्षेत्र में भी बिजली की तारें हादसाें को न्योता दे रही हैं। क्षेत्र के शेर सिंह, पछमी राम, उत्तम राम, सीता राम, राज कुमार और रमेश कुमार का कहना है कि समस्या को सही करने के लिए उन्होंने विभाग के अधिकारियों को कई बार कहा है, लेकिन इसके बावजूद तारों की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि क्षेत्र में बिजली के पोल बदले जाएं ताकि लोगों इसकी चपेट में न आएं। लोगों का कहना है कि इससे पहले भी आनी क्षेत्र में एक व्यक्ति की करंट लगने से मौत हो चुकी है। इस बारे में विद्युत मंडल आनी के एक्सईएन एके तिवारी का कहना है कि समस्या को दूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उक्त समस्या उनके पास आई है, और इसे दूर करने को कहा गया है।

Related posts