चौपाल आईटीआई में शुरू होंगे अतिरिक्त ट्रेड : वीरभद्र

चौपाल (शिमला)। चौपाल औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में पांच अतिरिक्त ट्रेड शुरू किए जाएंगे। इसके अलावा चौपाल में पर्यटन इकाई स्थापित की जाएगी, ताकि क्षेत्र के प्राकृतिक सौंदर्य का दोहन हो सके। सरकार नई सड़कों के निर्माण को प्राथमिकता देगी और मौजूदा सड़कों को चौड़ा करने के लिए उपयोगी कदम उठाए जाएंगे। ये बातें वीरवार को चौपाल में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कही।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इस मौके पर चौपाल अस्पताल को स्तरोन्नत करने की आधारशिला भी रखी। अस्पताल को स्तरोन्नत करने के लिए 1.80 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने तीन 3.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली थाना उठाऊ सिंचाई योजना की आधारशिला भी रखी। मुख्यमंत्री ने 2.16 करोड़ की लागत से बनी नकौड़ा-खादर सड़क और 2.44 करोड़ रुपये की लागत से बनी धबास-बगाहर-खगना-टूंडना सड़क का लोकार्पण किया। इस दौरान सीएम ने माध्यमिक पाठशाला थूथ को स्तरोन्नत करने और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल चौपाल के लिए अतिरिक्त मंजिल बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने चौपाल के लिए होम गार्ड की कंपनी देने की भी घोषणा की। इस मौके पर विधायक बलबीर वर्मा, हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष सुभाष मंगलेट, जिलाधीश दिनेश मल्होत्रा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी महासचिव रजनीश किमटा, कांग्रेस जिला अध्यक्ष केहर सिंह खाची, पंचायत समिति अध्यक्ष सुरेंद्र मोहन मेहता, डा. एसपी कत्याल, ठाकुर चंद्रमोहन, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सबला राम चौहान, हरिनंद मेहता, शांता जंदेव, दिनेश राणा, संजय रांटा, सूरत सिंह बरागटा, दिनेश भोटा, भूपेंद्र डोगरा, कृष्ण चंदेल, धीरेंद्र चौहान, देवेंद्र औक्टा, रोशन किमटा, वीरेंद्र धांटा, प्रताप ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Related posts