दियोटसिद्ध मंदिर जा रहे श्रद्धालु की हादसे में मौत

बड़सर (हमीरपुर)। पुलिस थाना बड़सर के तहत हरसौर में बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध जा रहे श्रद्धालु की सड़क हादसे में मौत हो गई। एक अन्य गंभीर रूप से घायल हुआ है जिसे ऊना अस्पताल में भर्ती किया गया है। पंजाब के श्रद्धालु बाइक पर बाबा बालक नाथ के दर शीश नवाने जा रहे थे। शनिवार देर शाम कार ने बाइक को टक्कर मार दी। कार चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार गुरविंद्र सिंह पुत्र सुरजीत सिंह निवासी रामा, दसुआ होशियारपुर अपने साथी ओंकार सिंह निवासी दसुआ, होशियारपुर के साथ बाइक पर बाबा बालक नाथ माथा टेकने जा रहे थे। हरसौर के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक का टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनाें घायल हो गए। उन्हें बड़सर अस्पताल पहुंचाया गया। ओेंकार सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए उसे ऊना अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां उसे डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। गुरविंद्र सिंह को रविवार सुबह ऊना अस्पताल के लिए रेफर किया। डीएसपी राजेंद्र सिंह जसवाल ने बताया कि एक बाइक सवार की मौत हो गई है। दूसरे को ऊना अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस कार चालक की तलाश कर रही है।

Related posts