ब्यास का तटीकरण भी करवाए सरकार

मंडी। सिटीजन काउंसिल मंडी ने जल संसाधन नदी विकास एवं गंगा सफाई मंत्री उमा भारती से ब्यास नदी के तटीकरण की मांग उठाई है। काउंसिल की रविवार को मंडी के आर्य समाज मंदिर में आयोजित बैठक में मंडी के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता काउंसिल के अध्यक्ष वाईएन वैद्य ने की।
काउंसिल के महासचिव हरीश चंद्र बहल ने एजेंडा पेश किया। बैठक में कार्यकारिणी ने ब्यास नदी में फैले रहे प्रदूषण पर चिंता जताते हुए कहा कि विभिन्न परियोजनाओं से ब्यास नदी प्रभावित हुई है। इससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचा है। जल संसाधन नदी विकास एवं गंगा सफाई मंत्रालय ने विभिन्न नदियों गंगा, यमुना और सतलुज में फैले प्रदूषण को रोकने के लिए योजना बनाई है। यह सराहनीय कदम है लेकिन इस योजना में ब्यास को भी शामिल किया जाना चाहिए।
बैठक में मंडी के सांसद रामस्वरूप शर्मा से मांग की गई कि वे इस मामले में संबंधित मंत्रालय और मंत्री उमा भारती से व्यक्तिगत तौर पर मिलकर बात करें। बैठक में शहर के शौचालयों की बदतर हालत पर चिंता जताई। सिटीजन काउंसिल ने कोर्ट परिसर गेट पर बैठ रहे सब्जी विक्रेताओं का विरोध किया। कहा कि जिस तरह से कोर्ट गेट व डाकघर रोड पर सब्जी विक्रेता बैठ रहते हैं उससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। ट्रैफिक औक पार्किंग समस्या पर विचार करते हुए काउंसिल के पदाधिकारियों ने शहर में नए विकल्पों की जरूरतों को पूरी करने की मांग की। बैठक में प्रेस सचिव योगेश कुमार, तारकेंद्र वैद्य, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डा. एमपी वैद्य, महिंद्रा मल्होत्रा ललित कपूर, उपाध्यक्ष दयामंति, केके कपूर, कोषाध्यक्ष विद्या सागर वैद्य और इंद्र सिंह ठाकुर और दीपक मौजूद रहे।

Related posts