
तीसा (चंबा)। उपमंडल में सड़कों की हालत खस्ता है। लोक निर्माण विभाग की मशीनरी खराब है। ऐसे में मरम्मत में अड़चनें पेश आ रही हैं। तीसा उमंडल में लोक निर्माण विभाग के पास एक डोजर, एक कंप्रेशर तथा एक जेसीबी है। तीनों एक साल से खराब पड़े हुए हैं, विभाग ने अब तक मशीनरी को ठीक नहीं करवाया है। इससे खस्ताहाल सड़कों की रिपेयर नहीं हो पा रही है।
मार्ग बंद होने पर इसे बहाल करने में काफी समय लग रहा है। बर्फबारी के दौरान सड़क पर जगह-जगह बड़ी-बड़ी चट्टाने आ गई हैं, लेकिन कंप्रेशर खराब होने के कारण ब्लास्टिंग का कार्य नहीं हो पा रहा है। विभाग की मशीनरी खराब होने से भंजराडू-सनवाल, भंजराडू-बैरागढ़, तरेला-मंगली, चंलूज-देवीकोठी, शिकारी बिहाली, भंजराडू-चनवास, भंजराडू-थल्ली, भंजराडू-चरड़ा, चांजू, कल्हेल बंजली सड़कों की हालत दयनीय बनी हुई है।
यहां के सुरेंद्र कुमार, जोगिंद्र सिंह, प्यार सिंह, राजीव कुमार, सुदेश, हरबंस कुमार तथा साहिल ने बताया कि क्षेत्र की सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे पड़े हुए हैं। कई जगहों पर मलबा सड़क में पड़ा हुआ है, लेकिन इसे हटाया नहीं जा रहा है। अब बरसात आने वाली है। लोगों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि खराब पड़ी मशीनरी को ठीक करवाया जाए तथा खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत हो। विभाग के अधिशाषी अभियंता एमके मिन्हास ने बताया कि इस बाबत कार्रवाई की जा रही है।
