ज्वालामुखी में पुलिस के नाक तले चोरी

ज्वालामुखी (कांगड़ा)। पुलिस थाना ज्वालामुखी से महज 100 मीटर की दूरी पर नगर परिषद कार्यालय के सामने घर से लाखों रुपये का सामान चोरी हुआ है। घर के मालिक बुजुर्ग दंपति सेवानिवृत्त एक्सईएन बीके शर्मा अपनी पत्नी किरण शर्मा के साथ इलाज के लिए चंडीगढ़ गए थे। शनिवार रात को उनके घर में चोरों ने 32 इंच की एलसीडी और अन्य सामान चोरी किया है। बीके शर्मा ने बताया कि उन्हाेंने अपने पड़ोसी को शाम के समय घर की लाइट जगाने और सुबह बंद करने के लिए कहा था। सुबह जब पड़ोसी लाइट बंद करने आया तो गेट के ताले टूटे हुए पाए। पड़ोसी ने इसकी सूचना उनको दी। बुजुर्ग दंपति ने स्थानीय ओपी वशिष्ठ को दूरभाष पर मौके पर जाकर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाने के लिए कहा। शाम को घर पहुंचे बीके शर्मा ने बताया कि उनके घर से 32 इंच की एलसीडी, घर में रखा अनाज और अन्य जरूरी सामान चोरी हुआ है। पुलिस थाना ज्वालामुखी में रिपोर्ट दर्ज करवा दी गई है। शर्मा ने कहा कि पुलिस थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर उनका घर है और उनके घर में चोरी हो गई। उन्हाेंने पुलिस अधीक्षक से भी इस मामले की जांच करने की मांग की है।
इनसेट…
डेढ़ साल पहले भी हुई थी चोरी
बीके शर्मा ने बताया कि डेढ़ वर्ष पूर्व भी इसी घर में चोरी हुई थी। चोर नकदी और जरूरी सामान चुराकर ले गए थे। डीएसपी बीडी भाटिया ने ज्वालामुखी में चोरी होने की घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से छानबीन कर रही है।

Related posts