
कुल्लू। शहर के अखाड़ा बाजार में लोगों को यातायात की समस्या से आज तक निजात नहीं मिल पाई है। बाजार में सिग्नल लाइट खराब होने से यह समस्या लोगों के लिए किसी मुसीबत से कम नहीं है। यह लाइट कई दिन से खराब पड़ी है, जिसे आज तक दुरुस्त नहीं करवाया गया है।
ट्रैफिक सिग्नल लाइट खराब रहने से वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है ऐसे में रामशिला से लेकर अखाड़ा बाजार तब सड़क के वन वे होने पर ट्रैफिक पुलिस के जवानों को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। शोपीस बनी ट्रैफिक लाइट से यहां कई बार लंबा जाम लग जाता है। सबसे अधिक समस्या बाहर से आने वाले पर्यटकों को होती है। कई बार यहां हादसे भी हो जाते हैं। शहरवासी श्याम लाल, मदन, विनय कुमार, रमेश ठाकुर, अमन सूद, अमित भंडारी और शानू ने कहा कि लंबे समय से इन ट्रैफिक सिग्नल लाइट खराब होने से यह महज शोपीस बनकर रह गई है। उन्होंनेे कहा इन लाइटों को जल्द ठीक किया जाए। उधर, डीएसपी कुल्लू संजय शर्मा ने कहा कि ट्रैफिक सिग्नल की लाइट को ठीक करने के लिए नप कुल्लू को कहा गया है। वहीं, नगर परिषद कुल्लू के अध्यक्ष ऋषभ कालिया ने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने की जिम्मेदारी पुलिस की है न कि नगर परिषद की।
