
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। देश-विदेश के पर्यटक रोहतांग दर्रे की ठंडी फिजाओं के कायल हो गए हैं। गर्मी भरे मौसम में यहां बर्फ के बीच मौज-मस्ती को पहुंचने वाले पर्यटक इसे नये अनुभव के साथ जिंदगी के सबसे खूबसूरत पल मान रहे हैं। मैदानी इलाकों में जहां गर्मी से जमीन तप रही है वहीं, जून माह के इस मौसम में विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल रोहतांग दर्रे में अभी भी बर्फ का दीदार हो रहा है। रोजाना हजारों की संख्या में पर्यटक वाहन रोहतांग दर्रे में पहुंच रहे हैं। ऐसे में यहां जाम से भी गुजरना पड़ रहा है, लेकिन पर्यटक रोहतांग की खूबसूरत वादियों को निहारे बिना वापस नहीं लौटना चाहते हैं। रोहतांग टॉप पहुंचे पश्चिम बंगाल से आए नवविवाहित जोड़े रामा कांत तथा उनकी धर्म पत्नी सुष्मिता कांत, सुनील कौर और विनीता कौर, कोलकाता से आए पर्यटक तपोश पाल और रीना राय ने बताया कि उन्होंने सिर्फ रोहतांग दर्रे की खूबसूरत वादियों के बारे में सुना ही था, लेकिन यहां पहुंचकर उन्हें ऐसा लग रहा है कि वह किसी जन्नत भरे माहौल में पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि अपने यादगार लम्हों को कैमरे में कैद कर लिया है। तपोश पाल ने कहा कि राहनीनाला के समीप उन्हें काफी लंबे समय तक जाम में फंसना पड़ा लेकिन बावजूद अपनी रोहतांग दर्रे को देखने की हसरत नहीं छोड़ी। मनाली होटलियर एसोसिएशन अध्यक्ष अनूप ठाकुर तथा वरिष्ठ सदस्य चंद्रसेन ठाकुर ने बताया कि रोहतांग दर्रे में अभी भी बर्फ का दीदार किया जा रहा है। पर्यटक काफी संख्या में कुल्लू मनाली पहुुंच रहे हैं। इससे पर्यटन कारोबार को भी गति मिली है।
