
जवाली (कांगड़ा)। पुलिस थाना जवाली में एक व्यक्ति के खिलाफ दो अलग-अलग पंचायतों में राशन कार्ड बनाकर सरकारी राशन हड़पने के आरोप में 420 के तहत मामला दर्ज किया गया है। डीएसपी जवाली धर्म चंद वर्मा ने बताया कि सिद्धपुर घाड़ निवासी चैन सिंह ने आरटीआई के तहत सूचना लेकर बीडीओ फतेहपुर के पास शिकायत की थी कि अमर सिंह ने पंचायत सिद्धपुरघाड़ में अपने नाम पर राशन कार्ड बनवाया है। वहीं, पंचायत जगनोली में अपनी पत्नी उषा देवी के नाम पर राशनकार्ड बनवा रखा है। दो पंचायतों में राशन कार्ड बनवा कर सरकारी राशन को हड़प कर
रहा है।
नियम के अनुसार एक व्यक्ति का एक ही पंचायत में राशन कार्ड बन सकता है। चैन सिंह ने इस बाबत 27 मार्च 2014 को बीडीओ फतेहपुर के समक्ष शिकायत की थी। बीडीओ फतेहपुर ने जांच करने उपरांत शिकायत को सही पाया और जांच के दौरान सही में अमर सिंह और उसकी पत्नी उषा देवी के नाम का राशन कार्ड अलग-अलग पंचायतों में पाया गया।
बीडीओ ने इसकी रिपोर्ट पुलिस थाना जवाली में प्रेषित कर दी है। इसके आधार पर अमर सिंह के खिलाफ 420 का मामला दर्ज कर लिया गया है। डीएसपी धर्मचंद वर्मा ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
