शार्ट सर्किट से भड़की आग में युवक जिंदा जला

 

Youth burnt alive in a fire sparked by short circuit

कुल्लू जिला के दलाश में दो मंजिला मकान में आग लगने से एक युवक जिंदा जल गया। मामला दलाश के कुठेड़ पंचायत के दोघरी गांव का है। अग्निकांड में शेर सिंह (38 ) मकान में जिंदा जल गया।

आगजनी में 20 कमरों का दो मंजिला घर भी जलकर स्वाह हो गया है। आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि हादसा और भी भयानक हो सकता था, लेकिन हादसे के समय परिवार के अन्य सदस्य खेत में काम करने के लिए गए थे।

आगजनी में लाखों की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। हादसा वीरवार शाम करीब 5:45 बजे हुआ। जब शेर सिंह घर पर अकेला था। इसी दौरान अचानक लकड़ी के घर में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली की शेर सिंह को घर से निकलने का मौका तक नहीं मिला।

आग लगने की सूचना मिलते ही आस-पास के लोग मौके पर इ‌कट्ठा हो गए। इसके बाद स्‍थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि सबकुछ देखते देखते जलकर राख हो गया।

पूर्व प्रधान महेंद्र ठाकुर ने बताया कि घर में रखे किसी भी सामान को बचाया नहीं जा सका। उन्होंने कहा कि शेर सिंह और महंत राम पुत्र सेस राम इस दो मंजिला घर में रहते थे। एसडीएम नीरज गुप्ता ने कहा कि सूचना मिलते वह टीम के साथ मौके पर रवाना हो गए हैं।

पता चला है कि मकान में एक व्यक्ति जिंदा जल गया है। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवार की हर संभव मदद की जाएगी। आगजनी के कारण घर में रखे जेवरात, कपड़े, नकदी सहित खाद्यान्न सामग्री भी जल कर स्वाह हो गई है।

Related posts