
पंजावर (ऊना)। उपमंडल हरोली के ईसपुर-गगरेट रोड पर पाठका व सैणी मोहल्ला में लोगों को पेयजल समस्या का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से पेयजल आपूर्ति बाधित होने के कारण उन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है।
लोगों ने कहा कि विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को कई बार समस्या के समाधान के लिए कहा, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। लिखित शिकायत भी की गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। गांव वासी बीएन पाठक, ओम पाठक, अश्वनी कुमार, जोगिंद्र पाल सैनी, प्रोमिला देवी, नितु देवी, अनीता देवी, सुनैना देवी, विरेंद्र कुमार, अरुण कुमार समेत अन्य लोगों ने बताया कि पिछले कई दिनों से उन्हें पीने के पानी के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। लोगाें के अनुसार इस समस्या के बारे में विभाग को भी अवगत करवाया गया पर अभी तक कोई स्थायी हल न होने की वजह से उन्हें हर रोज इस समस्या का सामना करना पड़ रहा है। लोगाें में आईपीएच विभाग के प्रति काफी रोष है। लोग अपने स्तर पर भी टैंकर का प्रबंध करके पानी ला रहे हैं। सारा समय पानी की ढुलाई में ही बीत रहा है। लोगों ने कहा कि अगर विभाग जल्द से जल्द इस समस्या का हल नहीं करता है तो वह आंदोलन करने से भी गुरेज नहीं करेंगे।
उधर, आईपीएस विभाग के एसडीओ पीएल शर्मा का कहना है कि उन्हें इस बारे में जानकारी मिली है। जेई और अधीनस्थ कर्मचारियों को इस समस्या को जल्द से जल्द हल करने के निर्देश दे दिए गए हैं।
