
कुल्लू। जिला मुख्यालय के जिला अस्पताल के समीप एक करियाना की दुकान से पुलिस ने प्रतिबंधित गुटका, खैनी तथा पान के 408 पैकेट बरामद किए हैं। पुलिस ने बरामद किए हुए गुटका-खैनी पैकेट को सीलकर स्वास्थ्य विभाग के खाद्य सुरक्षा शाखा को जांच के लिए सौंप दिए हैं। उधर, खाद्य सुरक्षा शाखा की जिला फूड इंस्पेक्टर भविता टंडन ने इन गुटका, खैनी पान के पैकेटों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। डीएसपी कुल्लू संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने क्षेत्रीय अस्पताल के समीप एक करियाना स्टोर पर छापामारी की तो उसके काउंटर के नीचे से काफी मात्रा में प्रतिबंधित गुटका, खैनी तथा पान के पैकेट बरामद किए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस ने इस तमाम सामग्री को अपने कब्जे में लेकर दुकान मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी कुल्लू ने बताया कि इस तरह काननू का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
थाना प्रभारी कुल्लू नील चंद की अगुवाई में टीम ने सोमवार दोपहर करीब एक बजे मिली गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी कर दुकान की तलाशी ली। इस दौरान दुकान के काउंटर के नीचे से 408 पैकेट गुटका खैनी के बरामद हुए हैं। उधर, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी भविता टंडन ने कहा कि गुटका तथा खैनी जैसे नशीले पदार्थों को बेचना संगीन जुर्म है। इन पदार्थों को बेचने या रखने पर व्यक्ति को तीन से सात लाख तक का जुर्माना हो सकता है। उन्होंने कहा कि सैंपल की रिपोर्ट आने पर जुर्माना लगाया जाएगा।
