जनवरी से देय महंगाई भत्ता पेंशनरों को शीघ्र दें

नाहन (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड सेवानिवृत्त कर्मचारी नाहन इकाई ने शनिवार को एक बैठक का आयोजन किया, जिसकी अध्यक्षता संघ के प्रधान याकूब बेग ने की। संघ ने राज्य सरकार से मांग करते हुए कहा कि जनवरी 2013 से देय 10 फीसदी महंगाई भत्ता पेंशनराें को जल्द प्रदान किया जाए। साथ ही आयु के आधार पर मिलने वाला पेंशन भत्ता भी जल्द मुहैया कराया जाए।
संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मांग करते हुए कहा कि विद्युत बोर्ड के पेंशनर कर्मचारियों के मेडिकल बिल पिछले कई महीनों से लंबित पड़े हैं। संघ ने विद्युत मंडल नाहन से लंबित बिलों का भुगतान जल्द किए जाने की मांग की है।
सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपनी मांग रखते हुए कहा कि शहर में पीने के पानी की समस्या को शीघ्र सुधारा जाए। इसके अलावा बोर्ड से जो कर्मचारी सेवा निवृत्त हो रहे हैं उनकी पेंशन तथा ग्रेच्यूटी की अदायगी समय पर नहीं की जा रही। ऐसे में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को वित्तीय सुविधाएं जल्द प्रदान की जानी चाहिए।
बैठक में संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक विक्रम, पुष्पा भारद्वाज, सुनीता कोशिश, ईला शर्मा, संतोष, एबी लाल, सुभाष गौतम, मोहन लाल, विशाल मणी, शमशेर ठाकुर, आबिद हुसैन, मोहम्मद सामी, गोपाल ठाकुर, महबूब आलम, वीरेंद्र विशाल, बुंदू खान, आशिक अली, गुरुचरण सिंह, राम दयाल आदि मौजूद थे।

Related posts