
कुल्लू। जिला मुख्यालय के अखाड़ा बाजार की सुल्तानपुर सड़क पर सफर करना किसी खतरे से खाली नहीं है। करीब एक किलोमीटर लंबी यह सड़क आधी पक्की और आधी कच्ची है। अखाड़ा बाजार के पेट्रोल पंप से अंदर जाने वाली सड़क एपीएमसी की सब्जी मंडी अखाड़ा बाजार तक इसे सालों पहले पक्का किया गया है, लेकिन अब इस सड़क की हालत खस्ता हो गई है। इस सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे नजर आते हैं। जबकि, सब्जी मंडी से सुल्तानुपर तक सड़क कच्ची होने से यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। चढ़ाई होने से यहां बारिश के समय हर वक्त वाहनों के फिसलने का भी खतरा बना रहता है। फल और सब्जी का सीजन सिर पर होने के बावजूद सड़क का बदहाल होना चिंता और हैरान करने वाला है। बागवान तथा शहरवासी बाला राम ठाकुर का कहना है कि सब्जी मंडी के लिए जाने वाली इस सड़क पर किसानों-बागवानों के को उत्पाद हिचकोले खाने से खराब व दागी होने का खतरा है। कहा कि मात्र 500 मीटर लंबे इस मार्ग को पक्का करने के लिए न तो लोनिवि ने कोई कदम उठाया और न ही स्वयं एपीएमसी ने। उधर, सुल्तानपुर निवासी दीपेंद्र कुमार, राहुल, जगदीश, शेर सिंह तथा सोहन सिंह का कहना है कि अखाड़ा बाजार से सुल्तानपुर आने वाली सड़क पर टारिंग न होने से सड़क की हालत खस्ता बनी हुई है। उन्होंने कहा कि सब्जी मंडी तक पक्की सड़क होने से तारकोल पूरी तरह उखड़ चुका है और जगह-जगह गहरे गड्ढे पड़े हैं। जबकि, सब्जी मंडी से सुल्तानपुर तक सड़क सालों से पक्की नहीं हो पाई है। बारिश होने पर यहां वाहन चलाना किसी खतरे से खाली नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय में सड़क की हालात इतनी खराब होना चिंताजनक है। उधर, एपीएमसी कुल्लू के सचिव प्रकाश कश्यप ने कहा कि सेब सीजन से पहले सड़क को पक्का किया जाएगा। वहीं, लोनिवि के एक्सईएन जीसी गुप्ता ने सुल्तानपुर सड़क को पक्का करने की बात कही है।
