भोरंज में जला दी स्कूल बस

भोरंज (हमीरपुर)। पुलिस थाना भोरंज के अंतर्गत मनवीं में एक स्कूल बस को जला दिया गया है। बस सड़क किनारे पार्क की गई थी। बस के नीचे गेहूं रख कर आग लगाई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आरोपियों का अभी तक सुराग नहीं लग पाया है।
भोरंज क्षेत्र के एक निजी स्कूल के चेयरमैन संजय वर्मा ने बताया कि लोस चुनाव के चलते 7 मई को स्कूल में छुट्टी थी। स्कूल बस के चालक ने बस को मनवी गांव के पास सड़क किनारे पार्क किया हुआ था। वीरवार सुबह उसे फोन आया कि उसके स्कूल की बस में आग लगी हुई है। जब वह तुरंत मौके पर पहुंचा तो देखा कि स्कूल बस लगभग पूरी तरह जल चुकी थी। संजय वर्मा ने बताया कि बस चालक ने बस को उसके घर के पास मनवी में पार्क किया था। बुधवार रात को शातिरों ने तेल की टंकी और इंजन के नीचे गेहूं रखकर उसमें आग लगा दी। जब तक वह मौके पर पहुंचकर कुछ कर पाता तब तक बस जल चुकी थी। सूचना पुलिस थाना भोरंज में दी। एएसआई जगतार सिंह पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे। मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
उधर, एसपी वीना भारती का कहना है कि पुलिस ने मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। आग लगाने वाले शातिरों का अभी तक सुराग नहीं लग पाया है। जल्द ही उन्हें दबोच लिया जाएगा।

Related posts