
ऊना। ऊना-मैहतपुर एक्सप्रेस हाइवे पर रेलवे क्रासिंग के समीप दो कारें अनियंत्रित होकर पलट गईं। इस सड़क हादसे में दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। कार में सवार दो युवकों को चोटें पहुंची हैं, जिनको उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ऊना मैहतपुर एक्सप्रेस हाइवे के समीप रेलवे क्रासिंग के पास दो कारें अनियंत्रित होकर नीचे खाई में जा गिरीं। इस हादसे में चंडीगढ़ की तरफ जा रही कार डीएल 12 सीडी 0923 बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इससे कार में दोनों सवारों को चोटें पहुंची। जिनको कड़ी मशक्कत के बाद कार से बाहर निकाला गया। इसी हादसे में एक अन्य कार जो कि स्थानीय मैहतपुर निवासी की बताई जा रही है, वह भी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। इस सड़क हादसे में घायल युवकों का उपचार क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में चल रहा है। हालांकि एक बड़ा हादसा होने से टल गया। दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं जिन्हें सुबह क्रेन की मदद से निकाला जा सका। यह हादसा बुधवार तड़के तीन बजे के करीब पेश आया। एसपी ऊना अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच आरंभ कर दी है।
