
हमीरपुर। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि सीबीआई ने कोर्ट में सही रिपोर्ट दी होती तो प्रदेश की कांग्रेस सरकार पहले ही गिर गई होती। तथ्यों में सभी बातें आपस में कोरिलेट हो रही हैं। केंद्र में मंत्री रहते तीन साल तक कौन सी वैरायटी के सेब लगाए, जिसमें करोड़ों की आमदन हो गई। न उसके पहले करोड़ों में आमदन रही, न बाद में। सीबीआई वर्तमान में जानबूझकर बचाने का काम कर रही है। धूमल ने हमीरपुर में प्रेस वार्ता में कहा कि केंद्र में भाजपा के सत्ता में आने के बाद सीबीआई की भूमिका बचाने वाले की नहीं होगी, सच्चाई सामने लाने वाले की होगी। सीबीआई का दुरुपयोग नहीं होगा। दिल्ली से मनमोहन जाएंगे और प्रदेश से वीरभद्र सिंह को जाना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव प्रचार को निम्न स्तर तक गिरा दिया, ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। चुनाव जीतने के लिए कांग्रेस का धनबल, सत्ता, शराब का दुरुपयोग जनता के उत्साह के आगे नहीं टिकेगा। वुडविला कांड पर कहा कि खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे वाली स्थिति है। जब मामले को लेकर विजिलेंस जांच चल रही थी तो राणा कहां थे। मतदान से पूर्व आरोप लगाने का मतलब सभी जानते हैं। भाजपा सरकार में राणा को कभी क्लीन चिट नहीं दी, जांच लंबित पड़ी थी। आरोप लगाने वाले निर्दोष होते तो होटल से भागना क्यों पड़ता। विज्ञापन के रूप में प्रकाशित हो रहे कार्टून पर आयोग से शिकायत करने की बात कही।
