
तीसा (चंबा)। स्थानीय थाना में एक नाबालिग लड़की से दुराचार का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने नाबालिग को शादी के इरादे से अपहरण करने के बाद उससे दुराचार के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दो मई को मंगली क्षेत्र का एक युवक टिकरीगढ़ जातर मेले से एक 15 वर्षीय लड़की को भगाकर ले गया था। लड़की के गायब होने पर घरवालों ने उसकी सभी जगह तलाश की। लड़की का अता-पता न चलने पर उसके घरवालों ने सोमवार को तीसा थाने में केस दर्ज करवाया। नाबालिग लड़की के पिता ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई कि आरोपी युवक उसकी लड़की को जबरदस्ती भगाकर ले गया था। साथ ही उसके साथ दुराचार भी किया। पुलिस ने आरोपी मुकेश कुमार पुत्र भगत राम गांव गरवाण पंचायत मंगली को सोमवार देर शाम को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी युवक और पीड़ित नाबालिग का मेडिकल करवाया। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक भंजराडू में एक निजी दुकान में काम करता था। उधर, डीएसपी हेडक्वार्टर जितेंद्र चौधरी ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ आईपीसी की धारा 363, 366, 376 व पोक्सो की धारा चार के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस मामले से जुड़े पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।
