
बंजार (कुल्लू)। बंजार के समीप चिलाधार में रविवार को हुए सड़क हादसे के दौरान चार लोगों की मौत से पूरी बंजार घाटी में मातम छा गया है। इस सड़क हादसे में मारे गए बाप-बेटे का खमराड़ा गांव में सोमवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। बाप-बेटे की एक साथ जलती चिता देख वहां मौजूद हर किसी की आंख नम थी।
इस दौरान स्थानीय विधायक कर्ण सिंह ने प्रभावित परिवारों को ढांढस बंधवाया। विधायक कर्ण सिंह ने प्रभावित परिवारों की मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से फोन पर बात करवाई। कर्ण सिंह ने कहा है कि दुर्घटना में शिकार हुए लोगों के परिजनों की हरसंभव मदद की जाएगी। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों तथा घायलों को फौरी राहत दे दी गई है तथा मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने भी हरसंभव सहायता देने के आदेश जिला प्रशासन को दिए हैं। उन्होंने कहा कि घटना के बारे में जब कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को पता चला तो उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हुए दुख जताया है। कहा है कि हादसे में पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ताओं को खोया है और इस क्षति की पूर्ति को पूरा करना संभव नहीं है। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों की भी हरसंभव सहायता करने की बात कही है। इस अवसर पर उनके साथ बंजार कांग्रेस कमेटी के कई पदाधिकारी भी मौजूद थे।
