मतदान केंद्रों पर मिलेंगी मूलभूत सुविधाएं

ऊना। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अभिषेक जैन ने बताया कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए अधिक से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए आगे आएं और उन्हें मतदान केंद्रों में मूलभूत सुविधाएं मुहैया हों, यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि विभिन्न स्कूलों में बनाए गए मतदान केंद्रों पर पानी पिलाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए उपनिदेशक सेकेंडरी को निर्देश दे दिए गए हैं। इसके अलावा वहां शौचालय की व्यवस्था भी होगी। जिला के 25 ऐसे स्कूल जहां बरामदे नहीं हैं, वहां मतदान के लिए कतार में लगे लोगों को धूप से बचाने के लिए शामियाने लगाए जाएंगे। मतदान केंद्रों में लाइन लंबी होने पर बुजुर्ग मतदाताओं की सुविधा के लिए वेटिंग रूम की व्यवस्था की जाएगी, जहां कुछ कुर्सियां भी रखी जाएंगी। शारीरिक रूप से अक्षम मतदाताओं के लिए मतदान केंद्रों पर रैंप बनाए गए हैं। बूथ स्तर के अधिकारी मतदाताओं को उनके घर पर मतदान पर्चियां पहुंचाएंगे। इन वोटर स्लिपों के पास होने पर मतदाताओं को कोई अन्य दस्तावेज दिखाने की जरूरत नहीं होगी। 7 मई को सुबह 7 बजे से मतदान शुरू होगा और सांय 6 बजे तक जारी रहेगा।

Related posts