शराब ठेका और ढाबा राख

उदयपुर (कुल्लू)। लाहौल-स्पीति के उपमंडल उदयपुर से तीस किलोमीटर दूर चेजली मेें आग लगने से शराब ठेका और ढाबा राख हो गया। घटना वीरवार देर रात एक बजे की है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। केलांग-उदयपुर मार्ग से सटे इस ठेके के भवन के पास कोई आबादी नहीं थी अन्यथा आग से बड़ा हादसा होने में देर नहीं लगती। वीरवार रात्रि चेजली में शराब के ठेके में दो सेल्समैन गहरी नींद में सो रहे थे कि अचानक आग की लपटों की तपिश में सेल्समैन अनिल सूद एकाएक खड़ा हो गया। उसने अपने साथी कर्म सिंह को जगाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उसकी नींद नहीं खुली। इसके बाद अनिल ने उसे बिस्तर से खींचकर बाहर निकाला। ठेके के सेल्समैन अनिल सूद ने बताया कि जैसे ही उसने कर्म सिंह को बाहर निकाला, सिलेंडर में धमाके के साथ ही शराब का ठेका और ढाबा आग के ढेर में तब्दील हो गया। आग लगने की हड़बड़ाहट में उसका मोबाइल फोन भी आग की भेंट चढ़ गया। शराब का ठेका वीरान जगह पर होने के कारण इस बीच न तो कोई लोग पहुंच पाए और न ही पानी की व्यवस्था हो सकी क्योंकि सेल्समैन का मोबाइल आग की भेंट चढ़ जाने के कारण अग्निशमन विभाग को सूचित नहीं किया जा सका। अनिल सूद ने बताया कि ठेके से दो किलोमीटर फुड़ा गांव में उसने घटना की सूचना मकान मालिक धर्मपाल को दी। इसके बाद पुलिस चौकी जाहलमा में आग की घटना की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई, लेकिन तब तक सब कुछ तबाह हो चुका था। शराब ठेकेदार राजपाल ने बताया कि आग की घटना से करीब साढ़े सात लाख का नुकसान हुआ है। घटना के कारणों की पुलिस जांच कर रही है। एसडीएम केलांग प्रशांत सरकेक ने बताया कि राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Related posts