
शिमला। हिमाचल भाजपा ने राज्य के कार्यवाहक मुख्य सचिव पी. मित्रा की शिकायत भारत निर्वाचन आयोग से कर दी है। नई दिल्ली भेजी शिकायत में भाजपा राज्य सचिव त्रिलोक जमवाल ने कहा है कि पी. मित्रा कांग्रेस को चुनावी लाभ दिलवाने के लिए इलेक्शन प्रोसेस को प्रभावित कर रहे हैं। वह भाजपा की ओर से चुनाव लड़ रहे नेताओं पर जबरन झूठे केस बनवा रहे हैं, ताकि कांग्रेस पार्टी को फायदा हो।
भाजपा का आरोप है कि प्रेम कुमार धूमल और अनुराग ठाकुर पर केस बनाने के लिए पहले उन्होंने राजस्व सचिव के नाते केस मूव किया। फिर गृह सचिव होने के नाते विजिलेंस से जांच करवाई और फिर खुद ही मुख्य सचिव होने के नाते अभियोजन मंजूरी की फाइल राज्यपाल से खुद राजभवन जाकर करवाई। 600 पन्नों की विजिलेंस चार्जशीट भी उन्होंने महज कुछ घंटों में ही पढ़ ली और फैसला भी ले लिया। इसके बाद जब आईएएस अफसरों ने कुछ अधिकारियों को निशाना बनाने का विरोध किया तो उन्होंने एसोसिएशन की बैठक में अफसरों को धमकाया। भाजपा ने कहा है कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी नरिंद्र चौहान इस बैठक में थे, इसलिए उनसे ये बातें कन्फर्म की जा सकती हैं। भाजपा ने चुनाव आयोग से मांग की है कि निष्पक्ष चुनाव के लिए पी. मित्रा को मुख्य सचिव के पद से हटाया जाए।
इस बारे में जब मुख्य सचिव से बात करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसे किसी शिकायत पत्र की प्रति नहीं मिली है। जब मिलेगी तो जवाब देंगे।
