
दूरदर्शन | नरेंद्र मोदी | 
नई दिल्ली: सरकारी प्रसारणकर्ता दूरदर्शन को लेकर गुरुवार को एक राजनीतिक विवाद पैदा हो गया। भाजपा ने आरोप लगाया है कि दूरदर्शन ने उसके नेता नरेंद्र मोदी के साक्षात्कार से प्रियंका गांधी वाड्रा से संबंधित टिप्पणी को निकाल बाहर कर दिया है। भाजपा ने इस मामाले में सरकार से उत्तर मांगा है, जबकि कांग्रेस ने इस मुद्दे को भाव नहीं दिया है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि नरेंद्र मोदी के द्वारा दिए गए संपूर्ण साक्षात्कार का प्रसारण किया जाए और उसमें कोई काट-छांट नहीं होनी चाहिए। इस बात का अनुमान जाहिर किया जा रहा है कि साक्षात्कार के कुछ हिस्से जिसमें कहा गया है कि प्रियंका गांधी ‘एक बेटी हैं’ जो अपनी मां की जीत के लिए काम कर रही हैं को संपादित कर दिया गया है। यह साक्षात्कार दूरदर्शन से 27 अप्रैल को प्रसारित किया गया।
वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि साक्षात्कार में क्या संपादित कर दिया गया है। लेकिन समय और स्थान के हिसाब से संपादन करना संपादक का विशेषाधिकार है।
