आईटीबीपी जवान का अंतिम संस्कार

नगरोटा सूरियां (कांगड़ा)। जरोट के गांव बझेरा निवासी आईटीबीपी जवान शशि कुमार पुत्र जगदीश चंद का वीरवार को पैतृक गांव में सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। शशि कुमार आईटीबीपी में उत्तराखंड में तैनात थे। मंगलवार को गश्त के दौरान अचानक भूस्खलन से पहाड़ी से पत्थर गिरे और शशि उनकी चपेट में आ गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही जवान की मौत हो गई। वीरवार सुबह जैसे ही जवान का शव पैतृक गांव पहुंचा तो पूरे गांव में माहौल गमगीन हो गया। पांच माह की बच्ची को गोद में लिए शहीद की पत्नी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। 30 वर्षीय शशि कुमार वर्ष 2002 में आईटीबीपी में भर्ती हुए थे और 2012 में नगरोटा सूरियां के सुगनाड़ा गांव की सुमना देवी के साथ शादी हुई थी। कंपनी कमांडर प्रियरंजन शर्मा के नेतृत्व में आईटीबीपी जवानों ने सलामी देकर जवान का अंतिम संस्कार कर दिया। विधायक और सीपीएस शिक्षा नीरज भारती, भाजपा औद्योगिक प्रकोष्ठ के पूर्व राज्य संयोजक संजय गुलेरिया, जवाली के एसडीएम मोहन दत्त शर्मा, एसएचओ ओंकार सिंह, नगरोटा सूरियां पुलिस चौकी प्रभारी प्रेम कुमार ने भी पुष्प चक्र चढ़ाकर शहीद को श्रद्धांजलि दी।

Related posts