
कुल्लू। पूर्व मंत्री खीमीराम शर्मा का कहना है कि देश और प्रदेश में मोदी की लहर चल रही है। इसी लहर में कांग्रेस का मंडी किला भी ध्वस्त हो जाएगा। खीमीराम शर्मा ने कहा कि बंजार विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी राम स्वरूप शर्मा को लीड दिलाने के लिए भाजपा के कार्यकर्ता पूरी तरह जुट गए हैं। भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को यूपीए सरकार और कांग्रेस सरकारी की जनविरोधी नीतियों के बारे में बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी चरम पर है। खीमी राम शर्मा ने कहा कि बंजार क्षेत्र में कांग्रेस के शासन काल में विकास कार्य ठप पड़े हुए हैं। बंजार में कांग्रेस केवल भाजपा के शासन काल में शुरू हुए कार्यों का उद्घाटन कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सैंज में कालेज खोलने की अधिसूचना जारी की थी, जिसे कांग्रेस ने सत्ता में आते ही रद कर दिया। इससे सैंज और बंजार क्षेत्र के लोग मायूस हैं। उन्होंने दावा किया कि बंजार क्षेत्र से इस बार भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप को भारी लीड मिलेगी। उन्होंने बंजार के गाड़ागुशैणी, जिभी, गुशैणी, बठाहड़ तथा घरटगाड़ आदि क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उनके साथ बंजार मंडल अध्यक्ष चुनी लाल ठाकुर, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ओम प्रकाश, बंजार भाजयुमो अध्यक्ष हरी राम चौधरी, श्रवण कुमार, कुलदीप, विवेक शर्मा आदि मौजूद थे।
