
टाहलीवाल / हरोली (ऊना)। उद्योगमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रेम कुमार धूमल को प्रदेश के हर हिस्से में विरोध झेलना पड़ रहा है। धूमल चाहे सिरमौर जाएं, चाहे किन्नौर, चाहे मंडी, सोलन, कुल्लू या कांगड़ा जाएं, उनका हर जगह विरोध हो रहा है। भाजपा सरकार के समय में हिमाचल की पाई-पाई जालंधर और पंजाब के लोगों पर लुटाई गई। धूमल ने मुख्यमंत्री रहते हुए पंजाब के ही लोगों को यहां नौकरियां देकर हिमाचलियाें से धोखा किया। इसी का नतीजा परिणाम धूमल को भुगतना पड़ रहा है।
मुकेश अग्निहोत्री सोमवार को रोड़ा, समनाल, भदौड़ी, पालकवाह और कर्मपुर समेत अन्य क्षेत्रों में पार्टी की आयोजित नुक्कड़ सभाओं में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि हरोली में जितना भी विकास हुआ वह कांग्रेस के शासन में ही हुआ। भाजपा ने हरोली को फूटी कौड़ी भी नहीं दी। अनुराग ने भी सांसद बनने के बाद हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में दर्शन नहीं दिए। वे विदेशों में घूमने फिरने में व्यस्त रहे। चुनाव के समय अनुराग फिर से हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में प्रकट हो गए। अनुराग भी मौजूदा दौर में कई क्षेत्रों में जाने से कतरा रहे हैं, उन्हें भी विरोध झेलना पड़ रहा है। जनता भाजपा की कथनी और करनी मेें फर्क को समझ चुकी है। हमीरपुर संसदीय सीट समेत चारों सीटों पर कांग्रेस की जीत होगी। धूमल और अनुराग ने कुछ विकास कराया होता तो आज उन्हें मोदी का नाम जपने की जरूरत न पड़ती। वे अपना नाम लेकर ही जनता से वोट मांग सकते थे। इस मौके पर कांगड़ के प्रधान विनोद कुमार, रोड़ा के उप प्रधान डॉ दर्शन कुमार, कार्यकर्ता संदीप कुमार, सुमित शर्मा, विनय कुमार, संजीव कुमार और नरेश कुमार समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
