
कुल्लू/पतलीकूहल/मनाली। लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार रामस्वरूप शर्मा ने मनाली विधानसभा क्षेत्र का तूफानी दौरा कर बंदरोल, पतलीकूहल, जगतसुख, बुरूआ, मनाली आदि में जनसभाओं को संबोधित किया। अपने चुनावी दौरे में रामस्वरूप शर्मा ने वीरभद्र और प्रतिभा सिंह को आडे़ हाथ लेते हुए पूछा है कि वे बताएं कि अपने शासनकाल में उन्होंने मंडी संसदीय क्षेत्र के लिए कौन विकासात्मक कार्य करवाए हैं? उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह तथा उनकी धर्मपत्नी प्रतिभा सिंह दो बार मंडी संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं, लेकिन न तो वे केंद्र से और न ही प्रदेश से इस संसदीय क्षेत्रों में कोई बड़ी परियोजना ला सके हैं। उन्होंने कहा कि यदि जनता जनार्दन की कृपा से उन्हें सांसद बनने का मौका मिला तो नरेंद्र मोदी की सरकार बनते ही कुल्लू मनाली-लेह रेल लाइन को प्राथमिकता के आधार पर केंद्र से स्वीकृत करवाने का प्रयास करेंगे। इसके साथ ही कुल्लू घाटी में फल पर आधारित उद्योग लगाए जाएगा। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वीरभद्र सिंह ने बेरोजगारी भत्ते को लेकर उनके साथ छलावा किया है। यदि उन्हें सांसद बनने का मौका मिला तो रोजगार के नए अवसर प्रदान किए जाएंगे। पन विद्युत परियोजनाओं में स्थानीय युवकों को उचित रोजगार दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुल्लू मनाली पर्यटक स्थल है, लेकिन यहां की सड़कों की दशा को देखते हुए पर्यटक दोबारा यहां आना पसंद नहीं करते। सत्ता में आते ही सड़कों की दशा सुधारी जाएगी और पर्यटन के क्षेत्र में सुविधाएं और ज्यादा प्रदान की जाएंगी। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष एवं विधायक मनाली विस क्षेत्र गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की महंगाई और भ्रष्टाचार से आम जनता दुखी है, जिसके लिए नरेंद्र मोदी की सरकार बनाना अति आवश्यक है। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष बालमकुंद राणा, युवराज बौद्ध, महामंत्री दुर्गा ठाकुर, रेशमा ठाकुर, नरेश करीर, जिला मीडिया प्रभारी जोगिंद्र शुक्ला, बोध राज ठाकुर, टेक चंद ठाकुर, विशन ठाकुर, अरविंद चंदेल, जोगिंद्र मेहरा, हुकम राम, राजेंद्र बौध, हरि सिंह, युवराज, दलीप सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
