ढालपुर मैदान में होगी सोनिया की रैली

कुल्लू। कुल्लू जिला के कार्यकर्ताओं में जोश फूंकने के लिए चार मई को कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी कुल्लू के ढालपुर मैदान में रैली करेंगी। मंडी संसदीय क्षेत्र के चुनाव प्रभारी हर्ष महाजन ने बताया कि सोनिया गांधी चार मई को कुल्लू के ढालपुर मैदान में 11 बजे जनसमूह को संबोधित करेंगी। उन्होंने बताया कि शनिवार को ही सोनिया गांधी की कुल्लू रैली के बारे में सूचना मिली है। रैली की तैयारियों को लेकर कुल्लू जिले के कांग्रेस पदाधिकारियों की शनिवार को बैठक बुलाई गई। इसमें सोनिया गांधी की कुल्लू रैली को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने दावा किया कि सोनिया गांधी की कुल्लू रैली में हजारों कार्यकर्ता उमड़ेंगे। इससे कार्यकर्ताओं में नए रक्त का संचार होगा। इसके अलावा कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी एक मई को बिलासपुर और सोलन में जनसभाएं कर कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे। राहुल गांधी धर्मशाला में पहले ही रैली कर चुके हैं। हर्ष महाजन ने बताया कि इसके अलावा चंबा और सिरमौर में गुलाब नबी आजाद, जबकि अमरेंद्र सिंह ऊना में चुनाव प्रचार करेंगे। महाजन ने दावा किया कि प्रदेश की चारों सीटों पर इस बार कांग्रेस पार्टी जीत हासिल करेगी। इस अवसर पर पीसीसी सदस्य सुंदर ठाकुर, प्रदेश प्रवक्ता भुवनेश्वर गौड़, जिला परिषद अध्यक्ष हरी चंद शर्मा, कुल्लू जिला कांग्रेस अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, कुल्लू मंडल अध्यक्ष उत्तम शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र शानू मौजूद थे

Related posts