
कुल्लू। जिला मुख्यालय कुल्लू के ऑटो ऑपरेटर्स की बैठक शनिवार को यूनियन अध्यक्ष आमरी ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस दौरान पीपल जातर मेले को लेकर ऑटो ऑपरेटरों को दिशा-निर्देश जारी किए गए। इस दौरान ऑटो चालकों को निर्धारित रेट के हिसाब से किराया लेने के लिए कहा गया। कहा गया कि यदि कोई ऑटो चालक मनमाना किराया वसूलेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अध्यक्ष ने कहा कि सभी ऑटो चालकों को लोगो नंबर जैसे के-1, के -2 लेना अनिवार्य होगा। शहर में लोगो लगे ऑटो ही चलेंगे, जो यूनियन में दर्ज रहते हैं। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए ही यह कदम उठाया गया है क्योंकि मेले के दौरान आसपास के हेडक्वार्टरों की गाड़ियां भी चलाई जाती हैं, जो गैर कानूनी हैं। इस नियम के पालन से यातायात को सुचारु रूप से चलाने में सहायता मिलेगी तथा सड़कों पर अतिरिक्त भार भी नहीं पड़ेगा। कई बार यात्री का मोबाइल, सामान और पैसे आदि रह जाते हैं। इन्हें वापस क रने में भी सहायता मिलेगी। यूनियन के महासचिव संजय कपूर ने कहा कि हेडक्वार्टर कुल्लू के सभी ऑटो वाले अपनी गाड़ियोें को यूनियन में दर्ज करवाएं और अपना लोगो प्राप्त करें। बैठक को संबोधित करते हुए उपप्रधान राजकुमार ने कहा कि यदि कोई आटो ऑपरेटर ज्यादा पैसे वसूलता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यात्री मोबाइल नंबर 97368-92811 पर भी संपर्क कर सकते हैं। यात्रियों से भी निवेदन किया जाता है कि सीरियल नंबर लगे ऑटो में ही सुरक्षित यात्रा के लिए बैठें। बैठक में उपाध्यक्ष राज कुमार ठाकुर, कोषाध्यक्ष महेंद्र सिंह, राजू, राकेश शर्मा, प्रेम कुमार, बंटी, भीम सिंह, धनराज आदि उपस्थित थे।
