
बंगाणा में भैंसों से लदा ट्रक पकड़ा
बंगाणा (ऊना)। बंगाणा पुलिस ने नाके के दौरान एक भैंसों से लदे एक ट्रक को पकड़ा है। ट्रक में ठूंस-ठूंस कर भैंसें भरी हुई थी। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर ट्रक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
बंगाणा थाना के एसएचओ महेंद्र कुमार ने बताया कि शुक्रवार देर रात पौने दो बजे के करीब बंगाणा पुलिस ने डुमखर में नाका लगा रखा था। इसी दौरान बड़सर की ओर से एक ट्रक आया। जिस पर पुलिस को कुछ संदेह हुआ और ट्रक को तुरंत रोक लिया गया। एसएचओ महेंद्र कुमार ने बताया कि जब चालक से सख्ती से पूछा गया तो इसने ट्रक में भैंसें भरे होने की बात कबूली। पुलिस ने फौरन भैसों से लदा ट्रक को जब्त कर चालक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। ट्रक में 26 भैंसें तथा 14 छोटे बच्चे भरे हुए थे। ट्रक चालक लियामत अली पुत्र रसीद मोहम्मद निवासी नकुड़ मोहल्ला जागियान जिला सहारनपुर यूपी का रहने वाला है। चालक ने बताया कि वह भैंसों से भरे ट्रक को जाहू से सहारनपुर ले जा रहा था। थाना प्रभारी महेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ पशु अत्याचार अधिनियम 11 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
