नौकरी चाहिए तो शाहपुर आईटीआई आइए

धर्मशाला। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान शाहपुर में मई माह में एक नहीं तीन-तीन नामी कंपनियों की ओर से कैंपस इंटरव्यू का आयोजन कर बेरोजगार और प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार प्रदान किया जाएगा। इंटरव्यू में विभिन्न आईटीआई में अंतिम वर्ष में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे और एनसीवीटी डिप्लोमा होल्डर अपना भाग्य आजमा सकते हैं। आईटीआई के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट अधिकारी बाबू राम ने बताया कि 13 मई को राजस्थान भिवाड़ी की हल्ला विस्टियन क्लाइमेट सिस्टम इंडिया लिमिटेड में ट्रेनी और आईटीआई अप्रेंटशिप के 50 पदों पर इंटरव्यू का आयोजन किया जाएगा। जिसमें बेल्डर, फिटर, टर्नर, मशीनिस्ट, एमएमबी, इलेक्ट्रीशियन, टूल एंड डाई मेकिंग और इलेक्ट्रानिक्स व्यवसाय के 18 से 25 वर्ष के युवा भाग ले सकते हैं। 14 मई को पीएंडजी बद्दी की ओर से इलेक्ट्रीशियन, इलेक्टॉनिक्स, टर्नर, फिटर, एमएमबी, मशीनिस्ट, इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक, आईटी एंड ईएसएम, बेल्डर और ब्यॉलर के लिए युवाओं के 40 पद भर जाएंगे। आयु सीमा 18 से 25 वर्ष रखी गई है। बाबू राम ने बताया कि 20 मई को बद्दी की विप्रो लिमिटेड द्वारा फिटर और इलेक्ट्रीशियन व्यवसाय के 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को रोजगार का मौका दिया जाएगा। कैंपस इंटरव्यू में 60 युवाओं का चयन किया जाएगा। कंपनियों में चयनित युवाओं को नौकरी के दौरान कंपनी द्वारा अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। आईटीआई के प्रधानाचार्य एसके लखनपाल ने बताया कि युवाओं को ऐसे मौकों का पूरा फायदा उठाना चाहिए। वहीं, कैंपस इंटरव्यू में भाग लेने वाले युवा अपने साथ प्रमाण पत्र लाना न भूलें।

Related posts