20 प्रवेश द्वारों पर होगी कड़ी चौकसी

ऊना। उपायुक्त अभिषेक जैन ने कहा कि चुनाव के दौरान सुरक्षा के मोर्चे पर किसी तरह की ढील नहीं दी जाएगी। मंगलवार को ऊना के जिलाधीश अभिषेक जैन ने पंजाब के रोपड़ और होशियारपुर जिलाें के पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। जिला प्रशासन के साथ उच्च स्तरीय बैठक में कई मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ। बैठक में पुलिस अधीक्षक अनुपम शर्मा भी उपस्थित थे।
इसमें तय हुआ कि तीनों जिलों के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी लोकसभा चुनाव शांतिपूर्ण और सुचारु ढंग से करवाने में एक-दूसरे को सहयोग देंगे और इन जिलों की सरहदों के साथ लगते सभी 20 प्रवेश द्वारों पर विशेष चौकसी रखी जाएगी। इन जिलों की सीमाओं के दूसरी तरफ पांच किलोमीटर के दायरे में आने वाले क्षेत्र में 5 मई शाम 6 बजे से 7 मई को सायं 6 बजे तक शराब के ठेके बंद रहेंगे और ड्राई-डे घोषित रहेगा। उन्होंने कहा कि मतदान वाले दिन में जिला की सीमाओं पर अतिरिक्त चौकसी रहेगी। रोपड़ जिले में ऊना जिला के लिए आठ तथा होशियारपुर से ऊना जिले के लिए 12 एंट्री प्वाइंटस हैं। पंजाब राज्य में तीस अप्रैल तथा हिमाचल में सात मई को मतदान होना है। इन दोनों दिन दोनों ओर से चौकसी रहेगी और किसी भी ऐसी चीज या व्यक्ति को आने जाने से रोक दिया जाएगा, जिससे शांतिपूर्ण चुनाव प्रक्रिया के निपटान में व्यावधान की आशंका हो। नाके बंदी बढ़ेगी और चेकिंग व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जाएगा। पंजाब से आए अधिकारियों में एएसपी, डीएसपी, तहसीलदार समेत अन्य अफसर शामिल रहे।

Related posts