पारंपरिक अनाज बचाएगा हृदय रोग से

कुल्लू। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज शिमला के हृदय रोग विभाग के अध्यक्ष एवं हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पीसी नेगी ने कहा है कि हृदय रोगों से बचने के लिए हमें गेहूं और चावल के अलावा मक्की, कोदरा तथा कई अन्य पारंपरिक अनाज भी अपने दैनिक आहार में शामिल किए जाने चाहिए। इसके साथ ही प्रतिदिन शारीरिक श्रम या व्यायाम भी अवश्य करें। उन्होंने यह सलाह जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के सौजन्य से देव सदन में आयोजित हृदय रोग पर आयोजित एक संवाद के दौरान दी। उन्होंने बताया कि बदलती जीवन शैली, शारीरिक श्रम के अभाव, तंबाकू-शराब के सेवन, अनुचित आहार और मानसिक तनाव के कारण हृदय रोगियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। हिमाचल में भी ऐसे रोगी लगातार बढ़ रहे हैं और अब तो कई लोग युवावस्था में भी हृदय रोग का शिकार होने लगे हैं। उन्होंने बताया कि आईजीएमसी का हृदय रोग विभाग हिमाचल में हृदय रोगियों का आंकड़ा एकत्रित करके इसका अध्ययन कर रहा है। इसमें पाया गया है कि प्रदेश में हर माह औसतन 200 से 250 लोग हार्ट अटैक तथा इससे संबंधित रोगों के शिकार हो रहे हैं। डा. नेगी ने कहा कि अगर बचपन से ही अपने आहार, दिनचर्या और आदतों का विशेष ख्याल रखा जाए तो हृदय रोग ही नहीं, बल्कि अन्य सभी बीमारियों से भी बचा जा सकता है। उन्होंने बताया कि हमें अपने आहार में चीनी, नमक और अत्यधिक वसायुक्त खाद्य वस्तुएं सीमित मात्रा में ही लेनी चाहिए। मैदायुक्त सामग्री से बनी प्रसंस्कृत खाद्य वस्तुएं जैसे- कुरकुरे, ब्रेड, केक तथा बाजार में तेल को बार-बार गर्म करके तली हुई चीजें और चिप्स इत्यादि भी सेहत के लिए बेहद हानिकारक हैं। उन्होंने बताया कि तेल को बार-बार गर्म करके उसमें कोई भी चीज पकाना काफी खतरनाक है, क्योंकि अत्यधिक तापमान पर तेल के गर्म होने पर उसमें मौजूद वसा हानिकारक वसा में परिवर्तित हो जाती है। संवाद के दौरान डॉ. नेगी ने बीड़ी-सिगरेट, तंबाकू तथा शराब के अत्यधिक सेवन से हृदय को होने वाले नुकसान के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने हृदय रोग तथा इससे संबंधित कई अन्य पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी तथा लोगों की विभिन्न शंकाओं का भी समाधान किया। इस अवसर पर सहायक आयुक्त कुमुंद सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बलदेव ठाकुर, इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज के हृदय रोग विभाग के डॉक्टर, जिला रेडक्रास सोसाइटी के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

Related posts