
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। मौसम ने साथ दिया तो शनिवार से जनजातीय क्षेत्रों के लिए हेलिकॉप्टर सेवा आरंभ हो जाएगी। करीब दो सप्ताह बाद जारी उड़ान शेड्यूल से लाहौल घाटी के लोगों ने राहत की सांस ली है। जीएडी से जारी शेड्यूल के मुताबिक शनिवार को भुंतर-स्तींगरी-भुंतर के बीच एक ही उड़ान होगी। इसके बाद दूसरी उड़ान भुंतर-सिस्सू-भुंतर के बीच होगी। इसके बाद तीसरी उड़ान फिर भुंतर-स्तींगरी-भुंतर के बीच होगी। अब लाहौल के लोगों में घाटी के लिए नियमित हेलीकाप्टर सेवा शुरू होने की उम्मीद जगी है। कुल्लू उड़ान समिति के पास पांच सौ से अधिक आवेदन लाहौल जाने वाले यात्रियों के जमा हैं। पट्टन घाटी में मटर बिजाई का कार्य शुरू हो गया है। हेलिकॉप्टर की उड़ानों में देरी होने पर कई लाहौल के यात्रियों ने कुल्लू उड़ान समिति के पास जमा अपना आवेदन वापस ले लिया है। कुल्लू में तैनात लाहौल-स्पीति उड़ान समिति के सह प्रभारी शेर लाल ने बताया कि शनिवार को भुंतर-स्तींगरी-भुंतर, भुंतर-सिस्सू-भुंतर और भुंतर-स्तींगरी-भुंतर के बीच तीन उड़ानें होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि ये उड़ानें मौसम साफ रहा, तभी संभव हो पाएंगी।
