
कुल्लू। मंडी लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार रामस्वरूप शर्मा के नामांकन भरे जाने के समय कुल्लू जिला से पांच हजार कार्यकर्ता शिरकत करेंगे। इसी संदर्भ में कुल्लू भाजपा के पदाधिकारियों की एक विशेष बैठक हुई। बैठक में भाजपा उम्मीदवार के प्रवास बारे में भी चर्चा की गई, जिसमें रामस्वरूप शर्मा 24 को बंजार विधानसभा, कुल्लू तथा मनाली विधानसभा क्षेत्रों का तूफानी दौरा करेंगे।
पदाधिकारियों ने नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद सभी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्र में दिन-रात पार्टी कार्य में जुट जाने का आह्वान किया। वहीं इस संबंध में जिला मीडिया प्रभारी जोगिंद्र शुक्ला ने कहा कि आगामी दिनों में कुल्लू में कदावर राष्ट्रीय स्तर के नेता की रैली भी की जाएगी तथा मोदी का थ्री डी द्वारा रैली को संबोधित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया है। बैठक में मंडी संसदीय क्षेत्र प्रभारी चंद्र सेन ठाकुर, संसदीय संगठन मंत्री शिशु भाई धर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष राम सिंह, सदस्य अंबिका सूद के अलावा जिला महामंत्री भीम सेन शर्मा, मंडल अध्यक्ष विजेंद्र सेन, बालमुकुंद, नरेश करीर, अरविंद चंदेल, शैलेंद्र बहल, अमर सिंह ठाकुर, बलदेव महंत, सौरभ भारद्वाज और सुमित सूद ने हिस्सा लिया।
