यात्रियों से लदे ट्रक बार्डर पर ही रोकें

ऊना। डीसी अभिषेक जैन ने सड़क हादसों में बढ़ोतरी पर चिंता जताई और इन पर अंकुश लगाने के लिए अधिकारियों को एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए। डीसी ने मालवाहक वाहनों में सवारियों को ढोने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी शिकंजा कसने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला के नाकों और बार्डर पर ही ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जानी चाहिए। इसके अलावा उन्होंने बसों की छतों पर सवारियां बिठाए जाने की घटनाओं का भी कड़ा संज्ञान लिया और ऐसे मामलाें पर नकेल कसने के लिए एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक को निर्देश दिए। उन्होंने बुधवार को अपने कक्ष में आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में जिला की कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की।
उन्होंने वाहन दुर्घटनाएं रोकने के लिए जिला में गठित रोड सेफ्टी क्लब को और अधिक क्रियाशील बनाने, जिला में चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर बोर्ड लगाने और चालकों को यातायात नियमों के प्रति शिक्षित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की भी हिदायत दी। डीसी ने दुर्घटना में किसी व्यक्ति की मृत्यु होने पर संबंधित क्षेत्र के एसडीएम को उसी दिन आश्रितों को फौरी राहत राशि प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला के सभी एसडीएम को अपने-अपने उपमंडल में तीन माह में एक बार कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक करके उसकी रिपोर्ट उन्हें भेजने के निर्देश भी दिए।

दारू पीकर वाहन दौड़ाते 48 धरे : एसपी
बैठक में एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि जिला में वर्ष 2013 के दौरान 239 दुर्घटनाओं में 63 व्यक्तियों की मृत्यु हई और 462 घायल हुए। जबकि इस वर्ष प्रथम जनवरी से 31 मार्च तक दुर्घटनाओं के 46 केस पंजीकृत हुए हैं, जिनमें 24 लोगों की मृत्यु हुई है और 73 घायल हुए हैं। मोटर वाहन अधिनियम के तहत वर्ष 2013 में 24 हजार 249 चालान किए गए। जबकि इस वर्ष 31 मार्च तक 7109 चालान करके 29 लाख 47 हजार 400 का जुर्माना लगाया गया है। ओवरलोडिंग, खतरनाक ढंग से ड्राइविंग करने व वाहनों की छतों व उनके पीछे लटककर यात्रियों द्वारा सवारी करने के इस वर्ष अब तक 340 चालान किए गए हैं। ड्राइविंग करते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने पर इस वर्ष 162, ओवरस्पीड व असावधानी से गाड़ी चलाने पर 937 तथा नशे में वाहन चलाने पर 48 चालान किए गए हैं। निजी वाहनों को यात्री वाहन के रूप में इस्तेमाल करने के 70 मामलों पर इस वर्ष चालान किए गए हैं।

100 से ज्यादा चालान काटे: आरटीओ
आरटीओ रमेश ठाकुर ने बताया कि उनके विभाग द्वारा मालवाहक वाहनों में सवारियां ढोने के इस साल अब तक सौ से अधिक चालान किए गए हैं। एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक विवेक लखनपाल ने बताया कि विभाग द्वारा चालकों व परिचालकों के लिए 5-5 दिन के रिफ्रेशर कोर्स करवाए जा रहे हैं।

ये रहे मौजूद
बैठक में एसपी अनुपम शर्मा, एडीसी दर्शन कालिया, एएसपी वीरेन्द्र ठाकुर, आरटीओ रमेश ठाकुर, सहायक आबकारी व कराधान आयुक्त यूएस राणा, एसडीएम ऊना धनवीर ठाकुर, एसडीएम अंब अशोक चौहान, एसडीएम बंगाणा एमएल यादव, रोड सेफ्टी क्लब की ओर से यशपाल राणा सहित जिला के सभी थाना प्रभारी उपस्थित थे।

Related posts