कार-बाइक की टक्कर, बाइक सवार की मौत

फतेहपुर (कांगड़ा)। पुलिस थाना फतेहपुर के अंतर्गत गांव जगनोली में सोमवार देर रात कार-बाइक की भिड़ंत में बाइक चालक की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक सोमवार देर रात ऑल्टो कार रैहन से तलवाड़ा की तरफ जा रही थी। रास्ते में जगनोली के पास फतेहपुर की तरफ जा रहे बाइक चालक राकेश कुमार की कार से आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक चालक राकेश कुमार निवासी धनेटी गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के लिए सीएचसी फतेहपुर में भर्ती करवाया। हादसे में गंभीर रूप से जख्मी राकेश कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद टांडा रेफर कर दिया गया, लेकिन घायल राकेश के परिजन उसे पठानकोट के निजी अस्पताल ले गए और रास्ते में ही राकेश कुमार ने दम तोड़ दिया। जानकारी के मुताबिक राकेश ने सोमवार को ही नई बाइक खरीदी थी और उसी बाइक पर अपने घर जा रहा था, लेकिन वह अपनी नई बाइक पर घर नहीं पहुंच पाया। उधर, एएसआई आज्ञा राम ने बताया कि पुलिस ने आईपीसी की धारा 279, 304-ए के तहत मामला दर्ज कर लिया है तथा मंगलवार को शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

Related posts