
कुल्लू। दो दिवसीय बंजार विधानसभा क्षेत्र के चुनावी दौरे में कांग्र्रेस उम्मीदवार प्रतिभा सिंह ने कहा कि एनएचपीसी के प्रभावितों और विस्थापितों के हकों की आवाज संसद में रखी जाएगी। वहीं नियूली, देहुरी, शैंशर तथा कलैहली में सभा को संबोधित करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क क्षेत्र के प्रभावितों के हक-हकूकों को यथावत रखने के प्रयास किए जाएंगे तथा पार्क से प्रभावित पंचायतों के लोगों की समस्या को संसद में प्रमुखता से उठाया जाएगा।
प्रतिभा सिंह ने मंगलवार को बंजार विस की सैंज घाटी के शरन गांव में आयोजित जनसभा में कहा कि सैंज घाटी के विकास के लिए स्थानीय विधायक कर्ण सिंह ने 45 करोड़ स्वीकृत करवाए हैं। वर्तमान वीरभद्र सिंह सरकार सूबे में विकास के बेहतर काम कर रही है। उन्होंने यूपीए सरकार के 10 सालों का भी जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने अपने दस साल में कई योजनाएं लागू कर देश के लोगाें का दिल जीता है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा हर चुनाव में राम नाम का अलाप रागती रहती है। भाजपा के लोग केवल धर्म, जाति और क्षेत्रवाद की राजनीति करती हैं। इस दौरान प्रतिभा सिंह ने ऐतिहासिक शैंशर स्थित मनु ऋषि के देवालय में माथा देकर आशीर्वाद लिया। प्रतिभा सिंह का कांग्रेसियों ने जगह-जगह ढोल नगाड़ों की थाप पर शानदार व भव्य स्वागत किया। इस दौरान विधायक कर्ण सिंह ने भी अपने विचार रखे और केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को लोगाें के सामने रखा। इस दौरान अतुल शर्मा, जिप अध्यक्ष हरि चंद शर्मा, बंजार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जय बिहारी लाल, प्रभा पालसरा, किशन ठाकुर, ममता ठाकुर, शारदा कटोच, थरवण पालसरा, गोविंद ठाकुर, लीला धर, राजकुमार, पिंगला देवी, धर्मपाल और टीसी महंत आदि मौजदू रहे।
