दुराचार और अपहरण के प्रयास का आरोप

मैड़ी (ऊना)। उपमंडल अंब के तहत गगरेट थाना क्षेत्र में पड़ते एक गांव की महिला ने उसके साथ कथित रूप से दुराचार के प्रयास का आरोप लगाया है। महिला ने इस संबंध में पंचायत के पूर्व प्रतिनिधि के बेटे पर आरोप लगाया है और साथ ही कहा कि पुलिस पर भी सवाल उठाए हैं।
महिला ने मंगलवार को अंब में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आरोपी ने 10 अप्रैल को उसके साथ उस वक्त जबरदस्ती करने की कोशिश की, जब वह रात को करीब आठ बजे खाना बना रही थी। महिला के अनुसार उसे घर से उठा ले जाने का प्रयास किया गया। इस दौरान घर के बाहर कार सवार कुछ युवक भी थे, जो उसे उठा ले जाने के मकसद से आए थे। महिला का कहना है कि उसका पति अपंग है। महिला का आरोप था कि जब उसके परिवार की ओर से पुलिस में शिकायत की गई तो पुलिस ने पीड़िता के बजाय उसके पति की ओर से शिकायत दर्ज की। इसके साथ ही पीड़ित परिवार की ओर से यह भी आरोप लगाया गया कि उनके ऊपर समझौता कर लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। इस संबंध में बात करने पर अंब केे डीएसपी सागर चंद्र का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है। यदि ऐसा कुछ हुआ है तो पीड़िता और परिवार के सदस्य उनके कार्यालय में सीधे शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। पुलिस की ओर से मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।

Related posts