कुल्लू-मनाली नेशनल हाइवे उखड़ा

पतलीकूहल (कुल्लू)। पर्यटन सीजन शुरू होने वाला है और कुल्लू-मनाली नेशनल हाइवे की हालत खस्ता है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे पड़े हुए हैं। नेशनल हाइवे का अमला खानापूर्ति के लिए गड्ढों में मिट्टी भरकर अपने काम की इतिश्री कर लेता है। कभी-कभार पैच वर्क का काम भी होता है। हालांकि यह पैच वर्क एक सप्ताह के बाद फिर गड्ढों में तबदील हो जाते हैं। सड़क की अनदेखी से आम जनता के अलावा पर्यटन कारोबारी भी चिंतित हो उठे हैं।
सड़क पर पड़े गड्ढों से डोभी और पतलीकूहल के व्यवसायी भी काफी परेशान हैं। दुकानदार सोनू, पवन, मोहन, दिनेश, कर्मचंद, मकेश, आदित्य, दिनेश कुमार, राजीव, संदीप, अजय ठाकुर, अमित कुमार, नेश राम, झाबे राम, डिणे राम, सुनीता, विनय कुमार और सुरेश शर्मा ने बताया कि सड़क पर पड़े गड्ढों की वजह से उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। जरा सी बारिश होने पर निकास नालियां ने होने से सारा पानी सड़क पर आ जाता है। वाहनों के टायरों से उछलकर यहीं पानी उनकी दुकानों के भीतर तक पहुंच जाता है। इससे दुकान में रखा सामान खराब हो जाता है। सड़क की खस्ता हालत के चलते वाहन की खराब होने लगे हैं। अक्सर दोपहिया चालक फिसलते रहते हैं। यदि शीघ्र ही मार्ग की हालत न सुधरी तो उन्हें मजबूरन धरना-प्रदर्शन करना पड़ेगा।
मनाली होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष अनूप राम ठाकुर का कहना है कि खस्ताहाल सड़क ने पर्यटन व्यवसायियों को बैक सीजन को लेकर होटल मालिकों को बैक फुट पर ला दिया है। मनाली आने वाले सभी पर्यटक कुदरती सौंदर्य से तो काफी खुश होते हैं, लेकिन सड़क को लेकर सबसे ज्यादा शिकायत करते हैं। सड़क की खस्ता हालत के चलते कई पर्यटक तो कुल्लू-मनाली आने से भी मुंह मोड़ने लगे हैं। इस संबंध में नेशनल हाइवे के एसडीओ आनंद का कहना है कि कुल्लू-मनाली हाइवे की खस्ताहाल का मामला विभाग के ध्यान में है। मौसम के ठीक होते ही सड़क की टारिंग कर दी जाएगी, जिससे लोगों को किसी भी प्रकार की कोई असुविधा न हो।

Related posts