
रामपुर बुशहर। अप्रैल माह में मौसम में लगातार आ रहा बदलाव बागवानों के लिए आफत बन गया है। मौसम खराब होने से तापमान में गिरावट आ रही है, जो सेब, नाशपाती, बादामऔर अन्य फसलों की फ्लावरिंग के लिए सही नहीं है। क्षेत्र के कम ऊंचाई वाले इलाकों में फ्लावरिंग हो चुकी है। बारिश से फलदार पौधों में आए फूल के केसर को खतरा बना हुआ है। ऐसे में बागवानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
सेब के अलावा बागवानों को नकदी फसल पलम, चूली बादाम, खुमानी के अलावा अन्य फसलों को भी नुकसान होसकता है। रामपुर क्षेत्र के गौरा मशनु, दोफदा, तकलेच, डंसा, लालसा, मुनिश सहित अन्य क्षेत्रों में सेब के पौधों पर फ्लावरिंग को भी इस बारिश से नुकसान हो रहा है। क्षेत्र के बागवानाें में छतर सिंह, पवन कुमार, लायक राम, बंसी लाल, मन मोहन , दिनेश, गोवर्धन, हिम्मत सिंह विजय सिंह, निहाल, सूरज कुमार, राज कुमार, केहर सिंह, मनोज, महेंद्र, बीरबल , मोहन लाल, रोशन लाल और अनिल का कहना है कि अप्रैल माह में जिस तरह से लगातार बारिश हो रही है। बागवानों का कहना है की कम ऊंचाई वाले और निचले क्षेत्रों में फ्लावरिंग हो चुकी है। बारिश के कारण फलों के केसर को नुकसान होगा। वहीं, मधुमक्खियां भी फूलों पर नहीं आ रही हैं। इससे आने वाले समय में बागवानों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ेगा।
