
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ के एक ट्रक आपरेटर को उसके चालक ने दगा दे दिया। आरोप है कि चालाक ने ट्रक में लदे सीमेंट को गंतव्य तक न पहुंचाकर उसे बेच डाला। खुद ट्रक छोड़ फरार हो गया। पुलिस अब उसकी तलाश में जुटी हुई है, जबकि पुलिस ने ट्रक को खाली बरामद कर लिया है, इसमें दस्तावेजों सहित बिल्टी और टोल टैक्स की पर्चियां मिली हैं। ट्रक चालक झारखंड का रहने वाला बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार नालागढ़ उपमंडल के कालीबाड़ी गांव निवासी दलीप सिंह पुत्र रतन सिंह का ट्रक एचपी 64 5419 को छह अप्रैल को ढेरोंवाल स्थित एक सीमेंट कंपनी से सीमेंट लादकर करनाल के लिए रवाना हुआ। सीमेंट कंपनी का करनाल में गोदाम है, लेकिन ट्रक वहां नहीं पहुंचा और माल वहां नहीं उतारा गया। ट्रक मालिक दलीप सिंह के अनुसार उनकी गाड़ी पर झारखंड निवासी शुभम नाम का ड्राइवर था, जिसे उन्होंने मोबाइल फोन आदि दिया था। पहले तो वह फोन पर बात करता रहा कि माल लेकर वह जा रहा है। माल अनलोड करके वह वापिस आ जाएगा, लेकिन बाद में उसका फोन बंद हो गया, जिसपर उसकी तलाश करनी शुरू कर दी। करनाल स्थित गोदाम में भी पता लगाया गया, तो वहां से ज्ञात हुआ कि ऐसा ट्रक माल लेकर नहीं पहुंचा। ट्रक मालिक ने पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने तुरंत ट्रक की तलाश शुरू कर दी, जो बद्दी ट्रक यूनियन में खड़ा मिला। पुलिस ने प्राथमिक जांच में पाया कि ट्रक चालक कहीं अन्यत्र सीमेंट बेचकर भाग गया। पुलिस को ट्रक से टोल टैक्स की पर्चियां मिली हैं, जो शाहबाद टोल बैरियर की हैं। एएसपी निश्चिंत नेगी ने बताया कि पुलिस ने भादसं 406, 407 के तहत मुकदमा कायम कर लिया है। फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि सीमेंट उसने कहां बेचा है, इसका भी पता लगाया जा रहा है।
