
सोलन। ‘मतदाता लोकतंत्र का भाग्य विधाता’। ‘जो विकास का काम करेंगे, वोट उसी के नाम करेंगे’। जैसे नारे रविवार को मतदाता जागरूकता रैली के दौरान गूंजे। भारतीय चुनाव आयोग के पर्यवेक्षक डीएस मलिक ने सोलन में मतदाता जागरूकता रैली को तथा डेमोक्रेसी वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, नेहरू युवा केंद्र तथा महिला मंडलों की करीब 100 महिलाओं ने भाग लिया। यह रैली उपायुक्त कार्यालय से आरंभ होकर मालरोड, पुराना बस स्टेंड, गंज बाजार से होते हुए ठोडो मैदान में संपन्न हुई। इसी प्रकार से डेमोक्रेसी वैन भी उपायुक्त कार्यालय, मालरोड, पुराना बस अड्डा, चंबाघाट, बाईपास, सब्जी मंडी, सपरुन, शमलेच, कुमारहट्टी होते हुए वापिस बडोग, नगाली से सोलन पहुंची। इसके जरिए लोगों को सात मई को होने वाले लोकसभा चुनाव में अधिक से अधिक संख्या में मतदान के लिए जागरूक किया किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त सीपी वर्मा, भारतीय प्रशासनिक सेवा की प्रोवेशनर अधिकारी ऋचा वर्मा, सहायक आयुक्त सुभाष सकलानी, एसडीएम अर्की, एलआर वर्मा, एसडीएम नालागढ़ ललित जैन, एसडीएम कंडाघाट एसएम सानी, एसडीएम सोलन टशी संडुप आदि अधिकारी मौजूद थे।
कम पोलिंग बूथों पर रखें नजर : मलिक
सोलन। भारतीय चुनाव आयोग के पर्यवेक्षक डीएस मलिक ने उपायुक्त कार्यालय के सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी, सहायक रिटर्निंग अधिकारियों से साथ बैठक कर चुनाव संबंधी तैयारियों का जायजा लिया। मलिक ने जिला निर्वाचन अधिकारी मदन चौहान की ओर से जिला की सभी विधानसभा क्षेत्रों में चलाए जा रहे कार्यक्रमों की सराहना की। कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में जिन पोलिंग बूथों पर आशा से कम मतदान हुआ है, उन गांव में लोगों को और अधिक मतदान करने के लिए चुनाव आयोग द्वारा सुझाए गए बिन्दुओं पर जागरूक करने को कहा।
चार हजार नए युवाओं ने बनवाए वोट
सोलन। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाताओं को जिनकी आयु एक जनवरी को 18 वर्ष हो चुकी है और जिन का मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं है, ऐसे मतदाताओं से नौ अप्रैल तक फार्म-6 भर कर अपने-अपने बूथ पर जमा करवा कर अपना वोट बनवाने के लिए कहा गया था। इस में काफी सफलता मिली है। सभी विधानसभा क्षेत्रों में लगभग चार हजार युवाओं ने अपने वोट बनवाने के लिए फार्म जमा करवाए। इसमें 288 मतदाता सोलन तथा कसौली छावनी क्षेत्र के शामिल हैं। जो पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
521 मतदान केंद्र स्थापित : उपायुक्त
सोलन। उपायुक्त ने कहा कि जिला में 521 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिसके लिए कर्मचारियों की तैनाती कर ली गई है। पीठासीन अधिकारियों, सहायक पीठासीन अधिकारियों और पोलिंग अधिकारियों को चुनाव की एक रिहर्सल करवा दी गई है। इस से पूर्व पर्यवेक्षक को जिला में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए स्वीप के तहत चलाए जा रहे कार्यक्रमों की रिपोर्ट रखी। उन्होंने चायल और कंडाघाट में स्थापित पोलिंग बूथों का दौरा भी किया।
