
भोरंज/अवाहदेवी (हमीरपुर)। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को पता नहीं किस ज्योतिष ने भ्रमित किया है। वे बस एक ही रट लगाए हुए हैं कि नरेंद्र मोदी की सरकार बनते ही प्रदेश सरकार गिर जाएगी। उन्हें नहीं पता कि सरकार को जनता ने पांच साल के लिए बनाया है। कहा कि सरकार अपने पूरे पांच साल पूरा करेगी। यह भी कहा कि अगर केंद्र में मोदी सरकार बन भी गई तो राज्य सरकार को कोई असर नहीं पड़ेगा। रविवार को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह लंबलू, चंबोह, भरेड़ी, लदरौर और पांडवीं में जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। कहा कि न जाने किस ज्योतिष ने धूमल के दिमाग में क्या बैठा दिया है। अपने दिमाग से शालीनता से काम ही नहीं लेते हैं। धूमल को मालूम होना चाहिए कि विस चुनाव को अभी चार वर्ष हैं, अभी लोस चुनाव हो रहे हैं। जनता को प्ले ब्वाय या हाई प्रोफाइल नेता नहीं चाहिए। त्याग करने वाला राजनीतिज्ञ और जनसेवक चाहिए। इसलिए जनता राजेंद्र राणा को भारी बढ़त दिलाएं। एपीएमसी अध्यक्ष प्रेम कौशल, राम चंद्र पठानिया, जिप सदस्य एवं महिला आयोग की सदस्य प्रोमिला, रत्न डोगरा, सुरेश ठाकुर, गरीब दास, अनंत राम, रमेश डोगरा, कांता पठानिया आदि उपस्थित रहे।
