खस्ताहाल सड़कों ने बढ़ाई दिक्कतें

जरी (कुल्लू)। धार्मिक नगरी मणिकर्ण घाटी के किसान-बागवान और पर्यटन व्यवसायी सड़कों की खस्ता हालत से काफी परेशान हैं। क्षेत्र की जरी-मलाणा, छरोड़-बड़ोगी तथा कुल्लू-चतराणी मार्गों के उखड़ने से इन पर वाहन चलाना काफी मुश्किल हो गया है। मणिकर्ण होटलियर एसोसिएशन के प्रधान किशन ठाकुर, व्यवसायी विनोद कुमार, उपाध्यक्ष प्रेम यारपा, बागवान संगठन के अध्यक्ष चमन लाल विष्ट, तारा चंद तथा तुले राम आदि के अनुसार कुछ दिनों बाद पलम के साथ साग-सब्जी की फसल तैयार होने को है, लेकिन उबड़-खाबड़ सड़कों पर उत्पाद को सब्जी मंडियों तक पहुंचाना जोखिम भरा है। ऐसे में उत्पाद खराब होने से उन्हें उचित रेट नहीं मिल पाएगा।
मणिकर्ण होटलियर एसोसिएशन के प्रधान किशन ठाकुर ने कहा कि पर्यटन सीजन भी शुरू हो गया है और सैलानी भुंतर-मणिकर्ण सड़क पर पड़े गड्ढों से परेशान हैं। जरी के पास भुंतर-मणिकर्ण धंस गई है। जहां पर कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। अगर इन सड़कों की हालात को नहीं सुधारा गया तो इसे पर्यटन कारोबारियों के साथ-साथ घाटी के किसानों-बागवानों को काफी नुकसान उठाना पड़ेगा। वहीं इस संबंध में लोक निर्माण विभाग कुल्लू के अधिशाषी अभियंता जीसी गुप्ता ने कहा कि विभाग प्राथमिकता के आधार पर सड़कों को पक्का करेगा।

Related posts