बेबस खाकी, शातिरों ने चंबी में तोड़ा एटीएम

चिंतपूर्णी/भरवाईं (ऊना)। जिला में एटीएम तोड़ने की वारदातों का सिलसिला थम नहीं रहा है। शातिरों के हौसलों के आगे खाकी बेबस नजर आ रही है। ताजा वारदात में शातिरों ने चंबी स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम को तोड़ डाला। चोरों ने आधुनिक उपकरणों के जरिये एटीएम को पूरी तरह से तहस-नहस कर डाला। हालांकि चोर एटीएम से नकदी चुराने में कामयाब नहीं हो पाए। घटना के वक्त एटीएम कैश ट्रे में लगभग 16 लाख की नकदी पड़ी हुई थी। तीन माह के भीतर जिला भर में एटीएम तोड़ने की यह आठवीं वारदात सामने आई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने एटीएम की सीसीटीवी की फुटेज को भी खंगाला है।
जानकारी के अनुसार वीरवार देर रात चंबी स्थित पीएनबी के एटीएम मशीन को चोरों ने आधुनिक उपकरणों से लूटने का प्रयास किया। चोर अपने साथ आधुनिक कटर, बेल्ंिडग किट, एक गैस सिलेंडर एवं लोहे की मोटी रॉड भी साथ लेकर आए हुए थे। चोरों ने एटीएम मशीन को काफी मशक्कत के बाद तोड़ भी डाला, लेकिन एटीएम मशीन के पास एक निजी कार के रुकने से चोरों में खलबली मच गई और मौके से शातिर चोर भाग निकले। कार चालक ने एटीएम को खुला देख तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। उधर, एसएचओ मुकेश कुमार ने बताया कि चोरों ने एटीएम का तोड़ने का प्रयास किया है। लेकिन जांच में पाया गया है कि चोर नकदी उड़ाने में असफल रहे हैं। पुलिस ने मामले के संदर्भ में हर पहलू की जांच शुरू कर दी है। चोरों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच की जा रही है। उन्होेंने बताया कि शातिरों की ओर से प्रयोग किए समान को जब्त कर लिया है।

पुलिस के उड़े होश
एटीएम तोड़ने की घटना से पुलिस के भी होश उड़ गए हैं। शातिर चोर वारदात दर वारदात को अंजाम देकर खाकी वर्दी को सरेआम चुनौती दे रहे हैं। आधा दर्जन से अधिक घटनाएं होने के बाद भी चोर पुलिस की पकड़ से कोसों दूर हैं।

Related posts